तेल के डिब्बों में छिपाकर रखी थी विदेशी शराब, क्राइम ब्रांच का छापा; 150 बोतलें जब्त
तेल के डिब्बों में छिपाकर रखी थी विदेशी शराब, क्राइम ब्रांच का छापा; 150 बोतलें जब्त
अमरावती: शहर में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए अमरावती क्राइम ब्रांच ने मोहन नगर-नवसारी क्षेत्र में एक घर पर छापा मारकर विदेशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मोहन नगर स्थित एक मकान की तलाशी ली। जांच के दौरान घर में रखे 24 कैरेट तेल के पांच लीटर वाले डिब्बों में छिपाकर रखी गई रॉयल स्टैग की 180 एमएल की 150 बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके से विपीन रमेश बुंदेले (38) को हिरासत में लिया। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 37,500 रुपये बताई गई है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण कर रहा था। उसके खिलाफ गाडगे नगर पुलिस थाने में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून की धारा 65(ई) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर क्राइम ब्रांच द्वारा की गई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब का यह स्टॉक कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी।
शहर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच की लगातार कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0