कर्जमाफी की मांग को लेकर किसानों का अनोखा विरोध; सरकार का किया पिंडदान
कर्जमाफी की मांग को लेकर किसानों का अनोखा विरोध; सरकार का किया पिंडदान
मुर्तीजापुर: किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को गाजीपुर स्थित काटेपूर्णा नदी किनारे क्रांतिकारी शेतकरी संघटना ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने राज्य सरकार का प्रतीकात्मक पिंडदान कर पुतला दहन किया और सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संघटना के नेता रविकांत तुपकर पिछले पांच दिनों से किसानों की सरसकट कर्जमाफी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि लगातार आंदोलन के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है और उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। इसी नाराजगी के चलते काटेपूर्णा नदी तट पर सरकार का प्रतीकात्मक पिंडदान कर विरोध दर्ज कराया गया।
संघटना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
इस अवसर पर तालुका अध्यक्ष शुभम जवंजाल, जिला उपाध्यक्ष सय्यद रियाज, रामदास भगत, प्रवीण पाटील खोत, संतोष रुद्रकार, मोहम्मद शहाबुद्दीन, शाम पाचडे, संतोष गुहे, सचिन सोनोने, रुपेश मुगल, सोपान खोत, चेतन ठाकरे, सज्जाद अली, रेहान खान समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0