गाडगेनगर में चाकूबाजी के दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार, एक आरोपी पहले से नागपुरी गेट फायरिंग केस में था फरार
गाडगेनगर में चाकूबाजी के दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार, एक आरोपी पहले से नागपुरी गेट फायरिंग केस में था फरार
अमरावती
अमरावती शहर की गुन्हे शाखा (क्राइम ब्रांच) ने गाडगेनगर थाना क्षेत्र में हुए चाकू हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पहले से नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में 20 जून 2026 को हुई फायरिंग के मामले में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, रतनगंज निवासी नितेश रमेशराव तायवाडे (45) ने गाडगेनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 11 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे नवसारी चौक स्थित एक चाय की दुकान पर दो युवकों ने पहले विवाद किया, फिर कुछ देर बाद लौटकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक आरोपी ने धारदार हथियार से उनकी कमर के नीचे वार कर उन्हें घायल कर दिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
घटना की जानकारी मिलते ही अमरावती शहर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान कर उनका पीछा किया गया तथा कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैयद सोहेल उर्फ फन्नू सैयद गफार (28), निवासी अंसार नगर, अमरावती तथा अब्दुल नसीब उर्फ शाहरुख अब्दुल शरीफ (32), निवासी गवलीपुरा, रतनगंज, अमरावती के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि सैयद सोहेल उर्फ फन्नू नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में दर्ज फायरिंग के एक मामले में भी फरार आरोपी था। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गाडगेनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजली सोनावणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर एवं निलेश ब्राम्हणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे तथा उनकी टीम ने की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0