गरीबों के बैंक खातों से चला 6.25 करोड़ का साइबर खेल, अमरावती पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 12 गिरफ्तार
गरीबों के बैंक खातों से चला 6.25 करोड़ का साइबर खेल, अमरावती पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 12 गिरफ्तार
अमरावती
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और बैंक खाता खुलवाने का झांसा देकर गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोगों के नाम पर खाते खुलवाने वाले एक बड़े साइबर रैकेट का अमरावती ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग, साइबर ठगी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम को मिली शिकायतों के आधार पर शिरखेड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद साइबर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर गोवा में छापेमारी कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपी गरीब लोगों को मामूली रकम का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उन खातों का उपयोग साइबर अपराधों में करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया:
* 64 बैंक पासबुक
* 147 एटीएम कार्ड
* 19 चेकबुक
* 198 सिम कार्ड
* 52 मोबाइल फोन
* 9 लैपटॉप
* 3 टैबलेट
कुल 10.85 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
जांच में अब तक इन खातों के जरिए 6 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 64 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों से जुड़े मामलों की शिकायतें देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले में अमरावती निवासी राकेशकुमार झामनानी समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, मोबाइल सिम या ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। ऐसे खाते साइबर ठगी, ऑनलाइन गेमिंग और अन्य अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। संदिग्ध जानकारी होने पर साइबर हेल्पलाइन 7030006819 पर संपर्क करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0