बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाने वाला चोर गिरफ्तार, ₹90 हजार बरामद
बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाने वाला चोर गिरफ्तार, ₹90 हजार बरामद
अमरावती, 7 जुलाई। अमरावती ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा, अंजनगांव और परतवाड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों का पीछा कर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 90 हजार रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को अचलपुर निवासी परिमल विजय पुरी ने एसबीआई मुख्य शाखा से 1.20 लाख रुपये निकालकर अपनी मोपेड की डिक्की में रखे थे। बैंक से निकलने के बाद आरोपियों ने उनका पीछा किया और परतवाड़ा के मिल कॉलोनी स्टॉप के पास डिक्की से नकदी चोरी कर फरार हो गए। मामले में परतवाड़ा थाने में अपराध दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और नाकाबंदी के दौरान अंजनगांव स्थित एसबीआई शाखा में संदिग्ध अवस्था में मिले बाबू विक्रमसिंह सिसोदिया (25), निवासी राजगढ़, मध्यप्रदेश को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से 90 हजार रुपये बरामद कर उसे परतवाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया।
फरार आरोपियों और चोरी की शेष रकम की तलाश जारी है। पुलिस ने नागरिकों से बैंक से बड़ी रकम निकालते समय सतर्क रहने, वाहन की डिक्की में नकदी न रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0