पत्नी की मौत के गम में डूबे परिवार को अमरावती पुलिस ने लौटाए 25 लाख रुपये के गहने
पत्नी की मौत के गम में डूबे परिवार को अमरावती पुलिस ने लौटाए 25 लाख रुपये के गहने
अमरावती। पत्नी के इलाज के दौरान हुए दुखद घटनाक्रम के बीच गुम हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के 140 से 150 ग्राम सोने के आभूषण अमरावती के राजापेठ पुलिस ने खोजकर पीड़ित परिवार को वापस सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार, साईनगर निवासी गजानन अंबर वर्धे (52) अपनी पत्नी के इलाज के लिए हैदराबाद के एआईजी अस्पताल गए थे। उपचार के खर्च को ध्यान में रखते हुए वे पत्नी के सोने के आभूषण एक लाल रंग के बैग में साथ ले गए थे। इलाज के दौरान पत्नी की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी। वापसी के दौरान आदिलाबाद में उनकी पत्नी का निधन हो गया।
अंतिम संस्कार के बाद जब गजानन वर्धे ने वाहन की जांच की तो लाल रंग का बैग गायब मिला। बैग में करीब 25 लाख रुपये के सोने के गहने और इलाज से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। इसके बाद उन्होंने राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में विशेष टीम को हैदराबाद और आदिलाबाद भेजा गया। पुलिस ने एआईजी अस्पताल, आदिलाबाद शासकीय अस्पताल तथा जनता रेस्टोरेंट सहित 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। लगातार की गई पड़ताल के बाद जनता रेस्टोरेंट के पास से लाल रंग का बैग बरामद कर लिया गया।
बैग में सुरक्षित रखे सभी सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज सही सलामत मिलने पर पुलिस ने उन्हें विधिवत पीड़ित परिवार को सौंप दिया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खटाळे के मार्गदर्शन में राजापेठ पुलिस और डीबी टीम ने संयुक्त रूप से की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0