विद्यापीठ चौक की बियर शॉपी पर बढ़ा विरोध

May 20, 2026 - 18:39
 0  1
विद्यापीठ चौक की बियर शॉपी पर बढ़ा विरोध

विद्यापीठ चौक की बियर शॉपी पर बढ़ा विरोध
आबकारी विभाग से लाइसेंस रद्द करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

अमरावती | 

शहर के विद्यापीठ चौक स्थित तपोवन गेट परिसर में शुरू हुई नई बियर शॉपी को लेकर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में तीव्र नाराजगी देखने को मिल रही है। प्रभाग क्रमांक 2 के पार्षदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने आबकारी अधीक्षक को शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सह्याद्री हाईट्स परिसर में बियर शॉपी को दी गई अनुमति नियमों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि परिसर की मूल सील डीड में स्पष्ट रूप से किसी भी प्रकार की मदिरा दुकान शुरू करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद अनुमति दिए जाने पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।

नागरिकों ने यह भी बताया कि बियर शॉपी के आसपास संत गाडगेबाबा अमरावती विद्यापीठ, जिला क्रीड़ा संकुल, छात्राओं के शिक्षण एवं योग केंद्र सहित रिहायशी क्षेत्र मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में शराब बिक्री केंद्र शुरू होने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

शिकायतकर्ताओं ने आबकारी विभाग से बियर शॉपी का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो स्थानीय नागरिकों के साथ तीव्र आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान प्रमोद महल्ले, मोहन क्षीरसागर, प्रतिक डुकरे, रवी वानखड़े, सार्थक खोरगड़े, विजय कासार और राजू सांगले समेत अनेक नागरिक उपस्थित थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0